करनाल। कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्थिति यह है कि प्रदेश में हाई रिस्क एरिया से संबंधित जिलों में करनाल का छठा नंबर है। ऐसे में डीसी ने लोगों से आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की है।
उपायुक्त निशांत कुमार ने बताया कि जिले में अभी तक 92 प्रतिशत लोगों ने टीकाकरण कराया है जबिक आठ प्रतिशत शेष हैं, यानी कुल आबादी में से करीब सवा लाख लोगों ने अभी टीकाकरण नहीं करवाया है। एहतियात के तौर पर सरकारी कार्यालयों व संस्थानों में नो मास्क-नो सर्विस, नो वैक्सीनेशन-नो एंट्री लागू किया गया है। ऐसा करके प्रशासन का मकसद लोगों को न तो परेशान करना है और न ही सुविधाओं का रोकना है, बल्कि इस महामारी से लोगों को बचाना है। उन्होंने बताया कि जो लोग मास्क का प्रयोग नहीं करते पाए गए, उन पर जुर्माना किया जाएगा। इसके अलावा रेस्टोरेंट, बार, प्रशिक्षण संस्थान, मॉल इत्यादि में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के साथ-साथ संस्थानों के मालिकों को भी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें पांच हजार रुपये जुर्माना लगाने का भी प्रावधान है।