माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण केंद्र की ओर से गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) के क्रिकेट मैदान में मूक-बधिर (श्रवण एवं वाणी निशक्त) बच्चों का दो दिवसीय त्रिकोणीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया। इसके फाइनल मुकाबले में रविवार को करनाल की टीम ने मेजबान हिसार टीम को 6 विकेट से हराकर विजेता का खिताब जीत लिया। हिसार की टीम उपविजेता रही। टूर्नामेंट में गुरुग्राम की टीम ने तीसरा स्थान पाया।
केंद्र के मीडिया प्रभारी सत्यपाल अग्रवाल ने बताया कि फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए हिसार टीम ने निर्धारित ओवरों में 84 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी करनाल टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर मात्र 11 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया और जीत दर्ज की।
अग्रवाल ने बताया कि समापन समारोह में हरियाणा वेलफेयर सोसाइटी की चेयरपर्सन मेघा भंडारी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया। लायंस क्लब के प्रधान पवन सरदाना मुख्य अतिथि रहे जबकि कृष्ण चोपड़ा एवं संजीव विशिष्ट अतिथि रहे।
केंद्र के सहायक निदेशक अमित चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का आभार जताया। समापन समारोह के दौरान मौजूद दर्शकों ने भी सांकेतिक भाषा का प्रयोग कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।