संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। उपमंडल न्यायिक परिसर में शुक्रवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस हरसिमरत सिंह सेठी और जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शारदा ने निरीक्षण किया। अदालत परिसर में शाैचालय के बाहर बेंच पर बैठे लोगों को देखकर उन्होंने आपत्ति जताई। उन्होंने असंध एसडीएम राहुल से पूछा कि क्या कोर्ट के बाहर कुर्सियों की व्यवस्था नहीं है। एसडीएम ने बताया कुर्सियां हैं। जस्टिस ने पर्याप्त कुर्सियां रखवाकर फोटो भेजने के निर्देश दिए।
जस्टिस हरसिमरत सिंह सेठी ने एसडीएम से कहा कि अगर फोटो नहीं भेजी तो वह स्वयं एक फोटो भेजेंगे। वकीलों की ओर से तीसरी मंजिल पर गलत तरीके से चैंबरों का निर्माण किए जाने की शिकायत जस्टिस के समक्ष रखी गई। इस पर भी एक सप्ताह में रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए। इसके अलावा उन्होंने सुनवाई के लिए पहुंचे लोगों से पूछा कि अदालत में कोई समाधान हो रहा है या तारीख पर तारीख ही मिल रही है। इस पर लोगों ने बताया कि ठीक सुनवाई की जा रही है।
अदालत के अहलमद स्टाफ की ओर से स्टेशनरी की कमी की शिकायत पर जस्टिस सेठी ने हर माह कागज के पांच रिम उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि उनके कार्य में बाधा न आए।
बुजुर्गों के लिए लिफ्ट लगवाने के निर्देश
निरीक्षण के दाैरान ही एक बुजुर्ग को सीढि़यों से उतरते देख जस्टिस हरसिमरत सिंह सेठी ने एसडीएम से पूछा कि क्या यहां कोई लिफ्ट नहीं है। उन्होंने लिफ्ट के लिए भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएसपी असंध गोरखपाल राणा, बार एसोसिएशन के प्रधान सोमदत्त शर्मा, उपप्रधान सिमरजीत विर्क, सचिव कुलदीप रोजड़ा, सोहन लाल सिंगला, अधिवक्ता कुलदीप राणा, अधिवक्ता सोनिया बोहत आदि माैजूद रहे।
महिला शौचालय की जगह बनाए चैंबर, होगी जांच
अधिवक्ता नरेंद्र सिंह गोलन ने जस्टिस हरसिमरत सिंह सेठी को चैंबरों में धांधली को लेकर शिकायत साैंपी। शिकायत के अनुसार असंध बार में तीसरी मंजिल पर नियम के तहत 22 चैंबर बनाए जाने थे लेकिन कमेटी ने नियमों को दरकिनार करते हुए 25 चैंबर बना दिए। महिला शाैचालय और वेटिंग एरिया सहित अन्य खाली जगहों पर भी तीन चैंबरों का निर्माण कर दिया गया। बार एसोसिएशन असंध के प्रधान सोमदत्त शर्मा ने कहा कि असंध में तीसरी मंजिल पर जो चैंबर बनाए हैं वो पंजाब एंड हरियाणा चैंबर बिल्डिंग कमेटी के नियमों के तहत नहीं बनाए गए हैं। उन्हें भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। प्रधान ने कहा कि अभी तक उन्हें इसका रिकाॅर्ड भी नहीं दिया गया। जस्टिस हरसिमरत सिंह सेठी ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शारदा को जांच करके एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के आदेश दिए।