करनाल। मैं अंबाला जेल से बोल रहा हूं। पांच दिन के भीतर 10 लाख रुपये दे दो, नहीं तो सिद्धू मूसेवाला की तरह गोली मार दूंगा। यह धमकी भरी कॉल करनाल के एक प्रापर्टी डीलर के मोबाइल पर आई, जिसे सुनने के बाद पूरा परिवार डरा-सहमा हुआ है। प्रापर्टी डीलर की शिकायत पर थाना बुटाना पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
गांव अंजनथली निवासी जसमेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। उसकी दूध की डेयरी भी है। दो जून की सुबह 9.44 पर उसके पास एक मोबाइल नंबर से धमकी भरी कॉल आई, जिसमें दस लाख रुपये की रंगदारी न देने पर सिद्धू मूसेवाला की तरह गोली मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने उसे कहा कि 10 लाख रुपये नहीं दिए तो उसके दोस्त सुशील को भी गोली मरवा देगा। धमकी देने वाले ने अपना नाम नहीं बताया है, कहा कि वह अंबाला जेल से बोल रहा है। उसने यह भी कहा कि पहले पांच लाख रुपये मांगे थे, तूने एक लाख रुपये ही दिए हैं और अब पांच दिन का समय है। पांच दिन के अंदर जितेंद्र उर्फ चीता के पास दस लाख रुपये भेज दो, नहीं तो पांच दिन के बाद अपनी कार्रवाई शुरू कर दूंगा। उस व्यक्ति ने यह भी कहा है कि उसके पास चंडीगढ़ जमीन की भी पूरी जानकारी है। तुम रुपये नहीं दे सकते तो एक एकड़ भूमि दे दो। इसके बाद आरोपी ने फोन काट दिया।
वर्जन
जसमेर सिंह की शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही रंगदारी मांगने और धमकी देने वाले आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
--राकेश कुमार, नीलोखेड़ी चौकी प्रभारी।