सदर बाजार में शराब बेचने से मना करने पर एक व्यक्ति की घर में घुसकर पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस को दी शिकायत में सदर बाजार निवासी मृतक की पत्नी भारती ने बताया कि 28 अप्रैल की दोपहर अनूप निवासी बांसो गेट व लक्की निवासी सदर बाजार जो कि वाईके गुप्ता शराब ठेकेदार का काम करते हैं, अचानक हमारे घर में घुसकर पति भानू के साथ गाली गलौज शुरू कर दी और पति से कहने लगे कि तू हमसे शराब खरीदकर बेचना शुरू कर दे लेकिन पति ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों ने जान से मारने की नीयत से पति का सिर दीवार में दे मारा। जिससे वह जमीन पर गिर गया। उन्होंने मुझे भी धमकी दी कि किसी को बताया तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। मैंने डर के चलते किसी को नहीं बताया और पति को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले गई जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दो लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
दाह संस्कार के लिए एसपी से मिले परिजन
कोरोना के कारण परिजनों को भानू का शव नहीं मिला। परिजनों ने कहा कि भानू में कोरोना का कोई लक्षण नहीं था। उन्होंने एसपी से इस बारे में बात की और शव देने की गुहार लगाई। एसपी ने कहा कि शव की दोबारा जांच करा दी जाएगी।
सदर बाजार में एक व्यक्ति की पीटकर हत्या करने की सूचना मिली थी। शव कब्जे में ले लिया है और शिकायत के आधार पर दो व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-संदीप कुमार, सिटी थाना प्रभारी