जिले में कोरोना से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। एक तरफ पॉजिटिव केस बढ़ रहे हैं वहीं संक्रमितों के मरने की संख्या भी बढ़ रही है। वीरवार को 750 नए पॉजिटिव केस आए। वहीं कोविड-19 की गाइड लाइन के तहत 17 संक्रमितों का अंतिम संस्कार किया गया। एक व्यक्ति का संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 9 संक्रमितों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक कोरोना से 248 लोगों की मौत हो चुकी है। वीरवार दोपहर एक अस्पताल में ऑक्सीजन की इमरजेंसी जरूरत पड़ गई थी लेेकिन प्रशासन द्वारा समय पर ऑक्सीजन पहुंचाई गई।
ये हैं हालात
सैंपल लिए - 313239
पॉजिटिव - 26369
निगेटिव - 284031
एक्टिव - 5204
ठीक हुए - 20917
मौत - 248
असंध में कोरोना संक्रमित महिला की मौत
असंध। वार्ड 2 में कोरोना संक्रमित एक महिला की वीरवार दोपहर मौत हो गई। महिला कई दिन से घर पर ही क्वारंटीन थी। नागरिक अस्पताल के कार्यकारी एसएमओ डॉ. जयपाल चहल ने बताया कि वार्ड दो निवासी 50 वर्षीय महिला का 23 अप्रैल को सैंपल लिया गया था। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जबकि पति पहले से ही पॉजिटिव था। स्वास्थ्य विभाग ने नगर पालिका की टीम को महिला के घर भेजा। बाद में करनाल से एंबुलेंस आई और टीम मृतक महिला के शव को करनाल ले गई और बलड़ी श्मशान में कोविड प्रोटोकॉल के तहत महिला के शव का दाह संस्कार कर दिया गया।
थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ निकाला फ्लैग मार्च
तरावड़ी। तरावड़ी थाना प्रभारी कुलबीर कौर ने वीरवार शाम शहर में औचक निरीक्षण किया। उन्होंने तरावड़ी के करनाली गेट मेन बाजार, मैन चौक, नगर पालिका रोड, अंजंथली रोड समेत कई जगहों का निरीक्षण कर कोविड-19 के नियमों का पालन न करने वाले लोगों व दुकानदारों पर कार्रवाई की। उन्होंने शहर के मुख्य बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारी कुलबीर कौर ने शहरवासियों से अपील की है कि वह बिना मास्क घर से न निकलें और बाजारों में भीड़ में जाने से बचें।