कुंजपुरा। उत्तर प्रदेश के कस्बा कैराना क्षेत्र के गांव खुरगान निवासी 13 वर्षीय किशोर को कुंजपुरा की एक फैक्ट्री में बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपी काम दिलाने के बहाने किशोर को लेकर आए थे। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक सहित चार व्यक्तियों के खिलाफ जुवेनाइल एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी गंगाराम पूनिया को दी शिकायत में गांव खुरगान (कैराना) निवासी मुन्त्याज ने बताया कि 8 नवंबर को गांव निवासी सुफियान उसके पास आया था। कोई काम धंधा दिलवाने के नाम पर सुफियान उसके 13 वर्षीय नाबालिग बेटे को अपने साथ ले गया। सुफियान ने उसे 2400 रुपये भी अग्रिम तौर पर दिए। कुछ दिन बाद रुपये मांगने पर सुफियान ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। जिस पर उसने अपने नाबालिग बेटे को वापस भेजने को कहा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके नाबालिग बेटे पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाकर बंधक बनाते हुए उसके साथ मारपीट की गई।
पुलिस ने एसपी कार्यालय से मिली शिकायत के आधार पर फैक्ट्री मालिक गौरव चावला, सुफियान, नदीम एवं कल्लू राशिद आदि के खिलाफ किशोर को बंधक बनाने एवं मारपीट करने के आरोप में जुवेनाइल एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।