करनाल। स्वास्थ्य विभाग छह से 19 अक्तूबर तक कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों को तलाशने का अभियान शुरू करेगा। अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में 571 टीमों का गठन किया है। इनमें एक टीम में दो स्वास्थ्य कर्मी, जिनमें एक आशा वर्कर और एक पुरुष वॉलिंटियर नियुक्त किया गया है। जो प्रत्येक घर पर पहुंचेगी और कुष्ठ रोगी व संदिग्ध मरीजों की पहचान कर नागरिक अस्पताल से निशुल्क इलाज शुरू कराया जाएगा।
डिप्टी सीएमओ एवं जिला क्षय रोग एवं कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. सिम्मी कपूर ने बताया कि जिलेभर में 571 टीमों पर नजर रखने के लिए 114 सुपरवाइजर नियुक्त किए हैं। जो अपने अंतर्गत आने वाली टीमों से मिलने वाली जानकारियों की एक संयुक्त रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को सौंपने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान से पहले मेडिकल ऑफिसर, एएनएम, आशा वर्करों सहित पुरुष कर्मियों की कुष्ठ रोग से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा चुका है चूंकि छह से 19 अक्तूबर तक अभियान समाप्त होने के बाद सभी संबंधित पीएचसी, सीएचसी स्तर पर ही 20 से 31 अक्तूबर तक चर्म रोग विशेषज्ञ जाकर अभियान के दौरान मिले संदिग्ध मरीजों की जांच करेंगे और उनका इलाज शुरू करवाएंगे। इसके बाद नवंबर के पहले सप्ताह में सभी मरीजों की एक संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। फिलहाल जिले में 13 कुष्ठ रोगी हैं। जिनका इलाज नागरिक अस्पताल से चल रहा है। -संवाद
आठ लाख लोगों को किया जाएगा कवर
मेडिकल ऑफिसर डॉ. सौभाग्य कौशिक ने बताया कि जिले की कुल जनसंख्या लगभग 17 लाख 18 हजार है। इनमें से प्रथम सर्वे में आठ लाख लोगों को सर्वे में शामिल किया जाएगा। यह अभियान जिले की सभी सीएचसी, पीएचसी स्तर पर भी चलाया जाएगा। जिले के लिए 571 टीमें नियुक्त हैं। इन टीमों पर 114 सुपरवाइजर यानी एक सुपरवाइजर के अंतर्गत पांच टीमें कार्य करेंगी। दूसरी ओर एक टीम को लगभग 1400 लोगों को यानी लगभग 350 घरों को कवर करना होगा।
लक्षण दिखे तो कुष्ठ रोग विभाग में करें संपर्क
मेडिकल ऑफिसर डॉॅ. प्रदीप कुमार ने बताया कि चमड़ी पर लाल चकते, दाग, जिनमें खुजली, चुभन या जलन न हो बल्कि सुन्न हो और गर्म-ठंडे का अहसास न हो। ये धब्बे या निशान शरीर के किसी भी भाग में हो सकते हैं। हाथ-पैरों में नमी का अनुभव, कोहनी के नीचे, कान के पीछे या घुटने के नीचे नस का सूजना। हाथों या पैरों की उंगलियों का मुड़ जाना। ऐसी स्थिति में तुरंत जिला नागरिक अस्पताल में कुष्ठ रोग विभाग में जाएं या विभाग के टोल फ्री नंबर 0184-2268585 पर संपर्क करें और अपना मुफ्त इलाज शुरू करवाएं।