पंचकूला के सेक्टर 3 स्थित ओलंपिक भवन में 12 दिसंबर को ओलंपिक संघ का चुनाव होगा। 6 दिसंबर को चुनाव निर्वाचन अधिकारी जिला सेशन जज भूपिंदर सिंह राज्य खेल संघों की वोटर लिस्ट जारी करेंगे। 7 व 8 दिसंबर को नामांकन के लिए आवेदन पत्र जमा कराए जाएंगे। 12 दिसंबर को सुबह 11 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। 5 बजे चुनाव का परिणाम घोषित किया जाएगा। ये जानकारी भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) शतरंज के एशिया महाद्वीप के सलाहकार कुलदीप ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी खेल संघ 23 नवंबर तक हरियाणा ओलंपिक संघ (एचओए) के प्रशासक पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस एचएस भल्ला के सामने अपनी शिकायत और ऐतराज दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त राज्य खेल संघों, जिला ओलंपिक संघों और अन्य विभागों को 1-1 वोट डालने का अधिकार दिया गया है। जिला ओलंपिक संघों के अध्यक्ष संबंधित जिलों के उपायुक्त होते है। प्रदेश में 22 जिले है और उतने ही ओलंपिक संघ हैं। इस ओलंपिक चुनाव में एथलेटिक्स से जुड़े विधायक अभय सिंह चौटाला , शतरंज से हरियाणा मानव अधिकार आयोग के जस्टिस दीप भाटिया और हरियाणा युवा आयोग के चेयरमैन मुकेश गौड़, फुटबाल से सूरज पाल अम्मू, आर्चरी से पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु , बैडमिंटन से अजय सिंघानिया, शूटिंग से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, टेबल टेनिस से दुष्यंत चौटाला, कुश्ती से सांसद दीपेंद्र हुड्डा इत्यादि भाग ले सकते हैं।