हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर
- फोटो : अमर उजाला (फाइल)
हरियाणा पुलिस अकादमी में ट्रेनिंग करने वाले 988 सिपाहियों को साइबर क्राइम रोकने के खास प्रशिक्षण दिया गया है। हरियाणा पुलिस उच्च शिक्षित युवाओं के विभाग में शामिल होने के बाद और ज्यादा सशक्त हो गई है। रविवार को पुलिस विभाग में भर्ती हुए 988 सिपाहियों के लिए दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया। दीक्षांत समारोह में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर मुख्य अतिथि थे और उन्होंने दीक्षांत परेड की सलामी ली।इसमें इन जवानों के परिजन भी शामिल हुए थे।
हरियाणा पुलिस और सिपाही रैंक के 988 जवानों के लिए रविवार का दिन बेहद खास रहा। मधुबन पुलिस अकादमी में अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद जवानों का सपना भी पूरा हुआ है। दीक्षांत परेड समारोह के बाद पुलिस की वर्दी में जवानों ने अपने परिजनों को सैल्यूट किया। इस दौरान उनके परिजन भी भावुक दिखाई दिए।
पुलिस में शामिल हुए युवाओं ने बताया कि उन्हें अच्छा प्रशिक्षण दिया गया है और उन्हें ट्रेनिंग के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जानने का अवसर मिला है। उनके परिजनों ने भी बताया कि योग्यता के आधार पर पुलिस भर्ती होने से उच्च शिक्षित युवा बिना किसी खर्च के पुलिस में शामिल हुए हैं। भर्ती में पारदर्शिता से वे बेहद खुश हैं।
हरियाणा पुलिस अकादमी के ट्रेनर ने बताया कि बैच में शामिल अधिकतर युवक पोस्ट ग्रेजुएट और ग्रेजुएट हैं। इन जवानों को साइबर क्राइम रोकने का खास प्रशिक्षण दिया गया है और भारतीय कानूनों के बारे में प्रशिक्षित किया गया है। ऐसे युवा निश्चय ही कानून की पालना करते हुए जनसेवा और पुलिस का कार्य बेहतर तरीके से करेंगे।
इन प्रशिक्षु ने पाया स्थान
इस बैच में गांव आहुलाना जिला सोनीपत निवासी हरियाणा सशस्त्र पुलिस की प्रथम वाहिनी के सिपाही आशीष ने प्रथम, गांव हथलाना जिला करनाल निवासी हरियाणा सशस्त्र पुलिस की प्रथम वाहिनी के सिपाही अमन ने द्वितीय व गांव गोली जिला करनाल के हरियाणा सशस्त्र पुलिस की पंचम वाहिनी के सिपाही रोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आशीष ने एमएससी फिजिक्स, अमन ने बी-टेक तथा रोहित ने एम-टेक की शिक्षा ग्रहण की है।