संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। ग्राम पंचायत की अनदेखी के कारण घरौंडा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पनौडी स्टेडियम का ट्रैक ऊबड-खाबड़ हो गया है। ओपन जिम उपकरण जंग खाकर खराब हो चुके हैं। योग के लिए बना शेड पूरी तरह जर्जर हालत में है और अधूरी चारदीवारी के कारण मैदान में दिन-रात आवारा पशु घूमते रहते हैं। मैदान साफ-सफाई का दावा ग्राम पंचायत की ओर से किया जाता है, लेकिन मैदान में गंदगी बनी है और घास में उग चुकी है। इस कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में काफी दिक्कत आती है।
प्रदेश सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण अंचल से खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से गांव-गांव में स्टेडियमों का निर्माण कराया गया था। घरौंडा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पनौडी का स्टेडियम जिसे वर्ष 2017 में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए तैयार कराया गया था। करीब छह एकड़ क्षेत्र में विकसित इस स्टेडियम का शिलान्यास स्थानीय विधायक और हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने किया था। निर्माण के समय यहां खिलाड़ियों के लिए दौड़ ट्रैक, व्यायामशाला, योग शेड और ओपन जिम की व्यवस्था की गई थी, लेकिन ग्राम पंचायत की लापरवाही के चलते घरौंडा ब्लाॅक के कई स्टेडियम बदहाल हैं।
खिलाड़ी बनने का सपना देखने वाले युवक इस मैदान में दौड़ने तो आते हैं, लेकिन कंटीली झाड़ियों और घास की वजह से उन्हें मन मारकर लौटना पड़ता है। कई बार तो खिलाड़ी स्वयं मैदान की घास काटने को मजबूर हो जाते हैं। खिलाड़ी सौरभ, संदीप, युवराज, अंकित, प्रदीप ने बताया कि वे लगातार पंचायत से सुधार की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन मिले हैं। इस समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया।
समय-समय पर कराई जाती है सफाई
ग्राम पंचायत पनौडी के सरपंच प्रतिनिधि राजवीर ने माना कि स्टेडियम की चारदीवारी अधूरी है और खिलाड़ियों को सुविधाओं की कमी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम की सफाई समय-समय पर कराई जाती है और ग्राउंड को खेलने योग्य बनाए रखने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण को अवगत करा दिया गया है और जल्द स्टेडियम में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।