संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सीआईए का फर्जी निरीक्षक बनकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी लोगों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देता था। सदर थाना एएसआई संजय कुमार ने बताया कि दुर्गा व राजकुमार निवासी गांव टीकरी, जिला करनाल ने थाना सदर में शिकायत दी थी, जिसमें उसने बताया कि 22 नवंबर 2021 को सुशील निवासी ज्योति कॉलोनी उनसे करीब 30 हजार रुपये का तूड़ी (पशुओं का चारा) खरीदकर ले गया था। जब शिकायतकर्ता ने सुशील से तूड़ी के रुपये मांगे तो वह खुद को सीआईए स्टाफ में निरीक्षक बताने लगा और रुपये मांगने पर किसी केस में फंसाने की धमकी देने लगा।
इस शिकायत पर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच कर 27 मार्च को पुलिस टीम के सहयोग से आरोपी सुशील को बलड़ी बाईपास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले हरियाणा के परिवहन विभाग में ड्राईवर था। पिछले सात वर्षों से बर्खास्त चल रहा है। आरोपी आदतन अपराधी है। पहले भी उस पर हरियाणा के विभिन्न जिलों में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का एक मामला पंचकूला, भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत एक मामला कुरुक्षेत्र, भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत एक मामला रोहतक, धोखाधड़ी के दो मामले करनाल व एक चोरी का मामला पानीपत में दर्ज है। आरोपी के कब्जे से 2500 रुपये की नकदी बरामद की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।