करनाल। कार को टक्कर मारकर हथियार के बल पर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस की सीआईए टू टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने इस वारदात को एक लूटी हुई कार में सवार होकर अंजाम दिया था। पुलिस ने उस कार को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
सीआईए वन इंचार्ज दीपेंद्र राणा ने बताया कि 11 जनवरी को थाना घरौंडा करनाल में विश्वनाथ शर्मा निवासी प्रोफेसर कालोनी कुरुक्षेत्र ने शिकायत दी थी, जिसमें बताया गया कि 11 जनवरी को वे और ड्राइवर सुनील दिल्ली की तरफ से आ रहे थे। जब वह घरौंडा पुल पर पहुंचे तो एक गाड़ी ने उनकी क्रेटा गाड़ी को पीछे से टक्कर मारी। फिर उनकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी को लगाकर रुकवाया लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके और ड्राइवर सुनील के साथ मारपीट की। लोहे की राड से गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए और करीब 70 हजार रुपये की नगदी व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। आरोपियों ने अपने आप को एक नामी गैंग का सदस्य बताया था। इस शिकायत पर घरौंडा थाना में मामला दर्ज किया गया था। 17 जनवरी को पुलिस टीम ने चार आरोपी गुरमेल उर्फ अमन निवासी कटीवाला थाना बरौटीवाल तहसील बदी जिला सोलन हिमाचल प्रदेश, अब्दुल निवासी टिब्बी बक्शीवाला थाना पिंजौर जिला पंचकूला, तरुण उर्फ रिंकू निवासी असंध थाना असंध जिला करनाल, रवि कुमार निवासी ब्रांहणी वाला थाना कलायत जिला कैथल को सेक्टर-4 करनाल के एरिया से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पंजाब से छीनी हुई महिंद्रा गाड़ी भी बरामद हुई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी गुरमेल उर्फ अमन व अब्दुल ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर आठ जनवरी की रात को बद्दी रोड पंजाब से एक महिन्द्रा गाड़ी छीनी थी। गाड़ी छीनकर गुरमेल उर्फ अमन व अब्दुल करनाल में अपने साथी रवि कुमार, तरुण उर्फ रिंकू के पास आए। उस समय रवि कुमार व तरुण उर्फ रिंकू के साथ उसका एक तीसरा साथी भी था, जिन्होंने करनाल मे एक जगह पर एकत्रित होकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।