संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। बेटे के जन्मदिन पर मंगलवार को पिता की प्यौंत टोल प्लाजा पर हादसे में मौत हो गई। घर में जश्न की तैयारी चल रही थी और बेटा पिता के आने की राह देख रहा था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार को सौंप दिया है। टक्कर मारने वाले बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।
हादसा मंगलवार की शाम करीब छह बजे का है। निसिंग निवासी 39 वर्षीय जसबीर प्यौंत टोल प्लाजा पर फास्टैग लगाने का काम करता है। वह शाम को टोल के बाहर बैठा था, तभी एक बोलेरो चालक आया और उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो गया। जसबीर को गंभीर हालत में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। मंगलवार को बड़े बेटे का जन्मदिन था और घर में खुशी का माहौल था। जश्न की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान परिवार को जसबीर की मौत की सूचना मिली। जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने मामले में बोलेरो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।