Farmers had announced protest, CM's revenge plan
- फोटो : Kaithal
अग्रवाल सभा की ओर से शनिवार को महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सीएम शिरकत नहीं करेंगे। किसानों की ओर से विरोध का एलान करने के बाद सुबह पंचकूला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तो कैथल में डीसी और अग्रवाल युवा सभा ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सीएम की जगह विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता मुख्य अतिथि होंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कैथल अग्रवाल युवा सभा के आमंत्रण पर शनिवार सायं भाई उदय सिंह किले में आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में भाग लेने पर सहमति दी थी। इसके बाद संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से विरोध का एलान किया गया था। इसके लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली बॉर्डर सहित हरियाणा व पंजाब में धरना दे रहे किसानों से अपील कर यहां पहुंचने का आह्वान किया था। दूसरी ओर प्रशासन द्वारा दो दिनों से इस संभावित विरोध को देखते हुए तैयारियां की जा रही थी।
इसके लिए पैरा मिलिट्री फोर्स सहित अतिरिक्त पुलिस बल बाहर से बुलाया गया है। शुक्रवार दोपहर तक शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात भी कर दिए गए थे।
इस दौरान दोपहर में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पंचकूला में दी गई मीडिया क्लिप वॉयरल हो गई, जिसमें सीएम ने कहा कि कैथल के कार्यक्रम में वे नहीं जा रहे, बल्कि उनकी जगह विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता जाएंगे।
इसके बाद सायं मीडिया से बातचीत में अग्रवाल युवा सभा के अध्यक्ष अशोक गोयल एडवोकेट, रोहन मित्तल, राजेश मित्तल सहित अन्य ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार के कार्यक्रम में नहीं आएंगे। उनकी जगह विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता कार्यक्रम में पहुंचेंगे। मामले में को लेकर शुक्रवार की शाम प्रशासन के साथ किसान प्रतिनिधियों की वार्ता भी हुई, जिसमें किसान नेता होशियार गिल प्यौदा, सतपाल दिल्लोंवाली, भरत सिंह बैनीवाल, मनजीत करोड़ा सहित अन्य शामिल हुए। बैठक में प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि कार्यक्रम में सीएम नहीं आ रहे। इस पर किसान नेताओं का कहना है कि अग्रवाल समाज से अलग यदि कोई विधायक या मंत्री इसमें पहुंचेंगे तो उनका विरोध किया जाएगा।