संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नागरिक अस्पताल और कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ वाले मरीज बढ़ गए हैं। रोजाना करीब 450 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं। वीरवार को नागरिक अस्पताल में पर्ची काउंटर पर लोगों की भीड़ नजर आई जिनमें बच्चे और युवा भी शामिल थे। इनमेें अधिकतर मरीज आंखों में जलन बता रहे थे। नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर भी मरीजों का हुजूम मिला। बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से आंखों में जलन महसूस हो रही है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दिवाकर भटनागर ने बताया कि रोजाना 150 से अधिक ओपीडी हो रही हैं। सांस के रोग की जांच के लिए भी लोग काफी पहुंच रहे। विशेषज्ञ डॉ. बीरेंद्र ने बताया कि रोजाना 140 के लगभग मरीजों की जांच की जा रही है, जिनमें सांस व वायरल के मरीज हैं। वहीं कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भी रोजाना ऐसे ही 150 मरीज पहुंच रहे हैं।
कुछ दिन से आंखों में जलन हो रही है, पहले ऐसा नहीं होता था। जिसकी जांच करवाने पहुंचे हैं।
- कशिश
आंखें सुर्ख हो गई हैं, साथ में जलन भी हो रही है, जिसकी वजह से पढ़ाई में भी दिक्कत हो रही है।
-मन्नत
अस्पताल में रोजाना 2 हजार के करीब ओपीडी हो रही हैं जिनमें वायरल बुखार, खांसी, जुकाम और अब आंखों में जलन व सांस लेने में दिक्कत महसूस कर रहे लोग पहुंच रहे हैं। जिन्हें उचित उपचार व हिदायत दी जा रही है।
डॉ. पीयूष शर्मा, पीएमओ नागरिक अस्पताल