करनाल। चटपटे स्वाद के शौकीनों का इंतजार अब खत्म हो गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सेक्टर 12 स्थित सुपर मॉल के निकट नाइट मार्केट बुधवार से शुरू हो रहा है। शुरुआत मेें 15 से 20 कार्ट (डिजाइनर रेहड़ियां) लगेंगे, इसके बाद स्वीकृत हो चुके 25 कार्ट लगाए जाएंगे। यहां सुरक्षा के इंतजामों के साथ-साथ हाई मास्ट लाइटें, बिजली और पानी की व्यवस्था भी की गई है।
रात्रिकालीन बाजार के प्रवेश द्वार पर टेस्ट ऑफ करनाल व निकास द्वार पर आई लव करनाल का बोर्ड दिखाई देगा। इसके लिए उपायुक्त एवं करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ निशांत कुमार यादव ने मंगलवार को डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम में बैठक की।
सीईओ ने स्मार्ट सिटी की दर्जनभर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बताया गया कि गप्पू वाला बाग स्थल अब एक पार्क और हॉकी ग्राउंड के रूप में विकसित हो चुका है। इसका उद्घाटन शीघ्र होगा। हाईवे के ऊपरगामी पुल के नीचे रिक्त स्थानों के सुंदरीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। ताऊ देवी लाल चौक, निर्मल कुटिया चौक और सेक्टर-6 फ्लाईओवर अंडर स्पेस पर पेंटिंग के सभी काम पूरे हो चुके हैं। इन्हें अंतिम रूप दिया जा चुका है।
आईटीआई चौक पर पेवर ब्लॉक लगाने व पार्किंग का कुछ पार्ट, बलड़ी बाईपास पर ड्रेसिंग के कार्य चल रहे हैं। कुंजपुरा रोड से कैलाश तक नई सड़क बनाने का काम तेजी से हो रहा है। डब्ल्यूजेसी पर कैनाल डेवलेपमेंट फ्रंट प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है। अटल पार्क का कायाकल्प किया जा रहा है। इसमें तीन आकर्षक गेट बनाए जा रहे हैं, एक का काम पूरा हो चुका है।
58 पार्कों में लगेंगे जिम का कार्य पूरा
-सीईओ निशांत कुमार यादव ने बताया कि स्मार्ट सिटी की ओर से शहर के 70 पार्कों में ओपन एयर जिम लगाने का काम शुरू किया गया था। इनमें 68 पार्कों में कार्य प्रगति पर है, जबकि 58 पार्कों में ओपन एयर जिम के उपकरण लगाए जा चुके हैं।
स्मार्ट रोड पर अगले सप्ताह गूंजेगा संगीत
महाराजा अग्रसेन चौक से श्रीमद्भगवद् गीता द्वार तक शहर की सबसे पहली स्मार्ट रोड बनाई गई थी। इसके बाद इस पर कल्चर कॉरिडोर का प्रोजेक्ट लिया गया। अब इसकी डिवाइडिंग पर 40 खंभे लगाकर स्पीकर लगाए जाएंगे। सुबह व शाम और दिन में भी इस रोड पर आने-जाने वालों के कानों में मधुर गीत-संगीत गूंजेगा।
अशोक स्तंभ लगाने का कार्य शुरू
-लघु सचिवालय परिसर में करीब 25 फीट ऊंचा फाइबर युक्त त्रिमूर्ति वाला अशोक स्तंभ लगाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। इसमें लघु सचिवालय के मुख्य प्रवेश पर एक आकर्षक गेट का निर्माण शुरू हो गया है। ऐसा ही एक गेट वकीलों की चैंबर की एंट्री पर बनेगा।