नीलोखेड़ी। कन्या गुरुकुल शिक्षा समिति अंजनथली की ओर से जगद्गुरु ब्रह्मानन्द की जयंती के उपलक्ष्य पर हवन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूंडरी के विधायक सतपाल जाम्बा ने हवन में आहृतियां डालकर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। महाविद्यालय व विद्यालय की प्राध्यापिकाओं व छात्राओं ने आहुतियां डालीं।
सतपाल जाम्बा ने कहा कि गुरु ब्रह्मानन्द जी ने समाज को एक नई दिशा देकर हर वर्ग को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए उनके आदर्शों को जीवन में ग्रहण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरु जी के जन्मदिवस पर हमें प्रत्येक गांव में रक्तदान शिविर लगाना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह परंपरा उन्होंने अपने गांव में शुरू की है। उन्होंने लड़कियों की शिक्षा के लिए कन्या गुरुकुल शिक्षा समिति की ओर से किया जा रहे कार्यों और प्रयासों की भी सराहना की। मंच संचालन महाविद्यालय की सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. पिंकी कादियान ने किया। मौके पर रामकिशन, धर्मसिंह, सुरेश सोहलो, विनोद अन्जनथली, सुभाष बड़थल व जितेन्दर भैणी सहित स्कूल की प्रधानाचार्या मुक्ता अग्रवाल सहित समिति के सभी सदस्य व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। संवाद