कैथल। चीका क्षेत्र के गांव हरिगढ़ किंगन के पास तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने सामने से आ रही ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा सड़क पर पलट गई और उसमें सवार परिवार के सदस्य दूर जा गिरे। हादसे में एक माह के बच्चे निरवैर सिंह की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए।
घायलों को गुहला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पटियाला के निजी अस्पताल राजेंद्र अस्पताल रेफर किया गया। ई-रिक्शा चालक दलजीत सिंह की शिकायत पर चीका थाना पुलिस ने कार चालक सरनदीप सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पटियाला जिले के गांव ददहेड़ियां निवासी 48 वर्षीय दलजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है।
10 नवंबर को वह अपनी पत्नी जसवंत कौर, दामाद राहुल, बेटी सुमनप्रीत, सिमरन, अन्य रिश्तेदारों और बच्चों के साथ कैथल के गांव रसूलपुर मांडी में रिश्तेदारी में आया था।
शाम करीब छह बजे सभी ई-रिक्शा में सवार होकर वापस अपने गांव ददहेड़ियां के लिए रवाना हुए थे।
रात करीब आठ बजे जब वे गांव हरिगढ़ किंगन के पास पहुंचे तो पिहोवा की तरफ से आ रही ब्रेजा कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। दलजीत के अनुसार कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था।