माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विकास विभाग हरियाणा की ओर से पंडित चिरंजीलाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 3 और 4 नवंबर को जिला स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित कराया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें 15 से 29 वर्ष तक की आयु के युवक-युवतियां भाग लें सकते हैं। प्रतिभागियों की आयु की गणना 1 सितंबर 2025 से की जाएगी। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।
एक प्रतिभागी केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। प्रतिभागी को रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, फोटो व बैंक खाता की प्रति लाना अनिवार्य है। इस महोत्सव में समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, कहानी लेखन, पोस्टर मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता, कविता लेखन, लोक वाद्य यंत्र एकल तथा समूह प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं राज्य की लोक कला एवं लोक नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ विज्ञान मेले का भी आयोजन किया जाएगा। डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि जिला स्तर पर विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे। इनमें प्रथम आने वाले प्रतिभागी को 3100 रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। द्वितीय को 2100 और तृतीय को 1100 रुपये और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। प्रथम आने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे।