68: सैक्टर 12 में लघु सचिवालय के पास प्रदर्शन करती आंगनबाड़ी वर्कर यूनियन की महिलाएं। अमर उजाला
करनाल। मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सातवें दिन भी हड़ताल जारी रही। मंगलवार को कार्यकर्ताओं और सहायकों ने पहले लघु सचिवालय के सामने धरना देकर मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद थाली-चम्मच बजाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सेक्टर-12 में जुलूस निकालते हुए सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया।
आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर यूनियन के बैनर तले चल रहे धरने की मंगलवार को जिला प्रधान मधू शर्मा ने अध्यक्षता की और संचालन जिला सचिव बिजनेश राणा ने किया। धरने को जनवादी महिला समिति की जिला सचिव जरासो देवी, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव सुशील गुज्जर, सीटू जिला प्रधान सतपाल सैनी उप प्रधान ओपी माटा और जोगा सिंह भी पहुंचे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अक्तूबर 2018 में वर्कर का मानदेय 1500 रुपये और हेल्पर का मानदेय 750 रुपये बढ़ाने की घोषणा की थी। अन्य कई राज्यों में मानदेय बढ़ा दिया गया है। लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी तक इस घोषणा को लागू नहीं किया है। वर्करों को स्मार्ट फोन भी नहीं दिए गए, लेकिन पोषण ट्रैकर एप डाउनलोड करने का अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। मांगे नहीं मानी गई तो आंदोलन को और तेज करेंगे। इस अवसर पर कविता, उषा सैनी, अमरजीत कौर, राजबाला, अनीता, मीनाक्षी, बबीता और शीला मौजूद रहे। ब्यूरो