ट्रैक्टर-ट्रालियों और ट्रक की जगह ई-रिक्शा, स्कूटर और बाइक के नंबरों पर 250 से 461 धान के कट्टों के गेट पास जारी कर दिये गए। हरियाणा के करनाल जिले की इंद्री अनाज मंडी में हुई गड़बड़ी की चर्चा जिले की अन्य मंडियों और आढ़तियों में जोरों पर है। इसमें कर्मियों के मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। मामला उजागर होने के बाद अब जांच की बात कही जा रही है।
इस बार सरकार ने धान की खरीद में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सख्ती भी बरती। इसके बावजूद फर्जी गेट पास का मामला एक के बाद एक उजागर हो रहा है। सबसे पहले घीड़ अनाज मंडी में फर्जी गेट पास का मामला उजागर हुआ था। इसके बाद जुंडला अनाज मंडी में इसी तरह का मामला सामने आया। इन दोनों मामलों में कुंजपुरा व जुंडला चौकी में एफआईआर दर्ज हैं, लेकिन अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इसके बाद असंध अनाज मंडी में फर्जी पोर्टल बनाकर गेट पास काटने का मामला सामने आया था, जिसकी जांच चल रही है। अब इंद्री अनाज मंडी में गड़बड़ी उजागर हुई है। यहां मिलीभगत से तीनों एजेंसियों (डीएफएससी, हैफेड, हरियाणा वेयरहाउस) के कर्मचारियों ने फर्जी गेट पास काट दिए और ई रिक्शा, स्कूटर, बाइक और बोलेरो गाड़ी के पंजीकरण नंबर चढ़ा दिए। सूत्रों के अनुसार इंद्री अनाज मंडी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच से पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।
बाइक के नंबर पर काटे 21 से ज्यादा गेटपास
ऐसा नहीं है कि एक ही गेट पास में बाइक, स्कूटर आदि के नंबर चढ़ाए गए हैं। हैफेड एजेंसी द्वारा भी एक बाइक के नंबर एचआर05वाई 6195 से करीब 21 गेट पास काटे गए हैं, हर गेट पास में 300 से अधिक धान के कट्टे दिखाए गए हैं।
मामला संज्ञान में आया है, जांच कराई जाएगी : डीएफएससी
बाइक, स्कूटर के नंबर से गेटपास काटने का मामला संज्ञान में आया है। इस मामले की जांच की जाएगी। यदि ऐसा पाया गया तो उचित कार्रवाई होगी। -अशोक कुमार, डीएफएससी, करनाल।
ऐसा मामला संज्ञान में नहीं है, इसकी जांच कराई जाएगी। उसके बाद ही कुछ कह सकते हैं। - अनिल अहलावत, डीएम, हैफेड, करनाल।