घरौंडा। जिला टाउन प्लानिंग विभाग ने मंगलवार को एक बार फिर अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की। पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में डीटीपी टीम ने डींगर माजरा रोड पर विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों में कच्ची सड़कों को ध्वस्त किया।
विभाग के अनुसार करीब 11 एकड़, 10.5 एकड़ और 6.5 एकड़ क्षेत्र में बिना अनुमति के ये कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। प्लॉट काटकर कच्चे रास्ते तैयार किए जा रहे थे। शिकायत पर डीटीपी अधिकारी गुंजन वर्मा टीम के साथ पहुंचीं। आंतरिक सड़कों व बेस को उखाड़ दिया।
डींगर माजरा रोड स्थित 11 एकड़ की साइट पर विभाग अब तक सात बार कार्रवाई कर चुका है। कॉलोनाइजर कुछ घंटों बाद दोबारा मिट्टी डलवाकर कच्ची सड़कें बनाने लगता है। संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ पुलिस में मामले दर्ज कराए गए हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।