चावल ट्रेडिंग में कमीशन एजेंट बनकर एक करोड़ रुपये की ठगी करने वाले तीन ठगों को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 38 लाख 56 हजार 500 रुपये की नकदी, 37 तोला सोना व एक लैपटॉप बरामद किया गया। सदर थाना प्रभारी तरसेम कांबोज ने बताया कि 15 दिसंबर को बलराज निवासी गांव अटावला जिला पानीपत हाल निवासी अल्फा सिटी, करनाल ने शिकायत दी थी कि उसने कुछ दिन पहले ही अल्फा सिटी में ऑफिस बनाकर इंडी गोल्ड चावल के नाम से फर्म बनाकर चावल की ट्रेडिंग का काम शुरू किया था। इस फर्म में उसके तीन अन्य व्यक्ति भी पार्टनर थे।
19 जनवरी को मुख्य आरोपी राजबीर को जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने रिमांड के दौरान दो साथियों राजबीर निवासी गांव कलायत, जिला कैथल व नसरुद्दीन निवासी समालखा जिला पानीपत के नाम का खुलासा किया। मुख्य आरोपी राजबीर की रिमांड के दौरान ही दोनों आरोपियों राजबीर व नसरुद्दीन को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी ने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी बिना काम किए जल्द करोड़पति बनना चाहते थे। मुख्य आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा करने की योजना बनाई। आरोपियों को जेल भेज दिया है।