करनाल जिले के गांव दरड़ के पास डेरा पटवारी पर लगे एक नौकर ने मालिक के घर की अलमारी का ताला तोड़कर सोने के गहने सहित 30 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत रंबा पुलिस को दी है। पुलिस ने आरोपी नौकर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी डेरा पटवारी गांव दरड़ ने बताया कि 31 जनवरी की रात को करीब साढ़े दस बजे उनके परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। अलसुबह तीन बजे उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर बच्चे को खाना देने के लिए फ्रिज से सामान लेने के लिए दूसरे कमरे में गई तो उसने देखा कि उनकी लोहे की अलमारी खुली हुई थी। उसकी पत्नी ने जब लॉकर चेक किया तो लॉकर से सोने के जेवरात सहित 30 हजार रुपये नहीं मिले।
पीड़ित ने बताया कि अलमारी के लॉकर में उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर, माता परमजीत कौर, उसकी बेटी हरसिरत कौर और बेटे गुरमन और भाभी रूपिंद्र कौर के गहने रखे हुए थे। हरप्रीत सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनके घर से चोरी उसके ताऊ चंदन सिंह के घर नौकरी करने वाले अर्जुन सिंह ने की है। पुलिस ने आरोपी नौकर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।