चाकू से गोदकर युवती की हत्या, रेप की आशंका
- फोटो : Amar Ujala
जीटी रोड के समीप एक युवती की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई और उसके शव को खेत में फेंक दिया गया। इतना ही नहीं बदमाशों ने युवती की शिनाख्त छुपाने के लिए उसके चेहरे पर तेजाब भी डाला हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि रेप के बाद युवती की हत्या की गई है।
हालांकि, पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है और शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिये हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के शरीर पर घाव के करीब 20 निशान हैं।
नीलोखेड़ी में किसान बस्ती के बीचों बीच एक सड़क जीटी रोड को निकलती है। सुबह जैसे ही लोग सैर के लिये निकले तो सड़क पर खून के छींटे दिखाई दिये। खेत में एक शव पड़ा दिखाई दिया। इस पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी हरविंद्र सिंह और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचे और वहां फैले खून आदि के नमूने लिये। पुलिस ने बताया कि युवती ने काले रंग की पैंट और ऊपर हरे रंग की टी शर्ट डाली हुई है। शव के मुंह पर जलने के निशान भी हैं और जगह-जगह पर किसी तेज हथियार से शव को गोंद रखा है।
भागने की कोशिश की होगी
पुलिस के अनुसार, हत्या बड़ी बेरहमी से की गई है। शरीर पर अनगिनत चाकु के निशान हैं। आशंका है कि सड़क के एक हिस्से में खून के छींटे थे और एक जगह काफी खून था। पुलिस का मानना है कि पहले युवती पर किसी तेज धार हथियार से हमला किया गया और उसने भागने का प्रयास किया होगा, इसके बाद उसे मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस का अनुमान है कि हत्या करने के बाद युवती के शव को खेत में डाल दिया गया। सड़क पर बिखरे खून से लग रहा है कि यह घटना आधी रात की होगी। एफएसएल टीम के अधिकारी डॉ. जेआर जैन का कहना था कि घटना दो से तीन बजे के बीच की होगी। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
हर पहलू पर कर रहे जांच : इंस्पेक्टर
थाना प्रभारी हरविंद्र सिंह का कहना है कि हत्या के बाद शव को फेंका गया है। युवती की उम्र 15-20 साल के करीब है। युवती के साथ रेप हुआ या नहीं, इसकी पुख्ता जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगी। शव पर चाकुओं के 15 से 20 निशान हैं। युवती के चेहरे पर तेजाब से जलने के निशान पुलिस को मिले हैं। युवती की शिनाख्त न हो सके इसके लिए युवती के चेहरे पर तेजाब फेंका गया, लेकिन तेजाब हल्का होने से युवती का चेहरा बुरी तरह झुलसने से बच गया। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।