मुकीम काला गिरोह के शातिर बदमाश इसरार के कैराना कचहरी में करनाल पुलिस की कस्टडी फरार होने पर पुलिस अधीक्षक पंकज नैन ने पांच पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। गौरतलब है कि बुधवार को मुकीम काला गिरोह के गुर्गे इसरार की कैराना कोर्ट में पेशी थी। जिसे कोर्ट में पेश करने के लिए प्रकाश सिंह एएसआई, बलविंद्र सिंह, रामदिया, अंग्रेज सिंह व चालक पूर्ण सिंह सहित पांच सदस्यीय टीम गई थी। लेकिन बदमाश इसरार पुलिस कस्टडी से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस अधीक्षक ने पांचों पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
एक साल पहले मुकिम काला और करनाल पुलिस की हुई थी मुठभेड़
करनाल। करीब एक साल पहले कुख्यात बदमाश मुकीम काला और करनाल पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। काला ने करनाल पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की थी, हालांकि पुलिस बच गई थी। बाद मेें वह और उसकी पत्नी व उसका साथी खेतों से फरार होने लगे तो दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई थी।
घटना 14 मार्च, 2015 की है। कई प्रदेशों की पुलिस मुकीम काला के पीछे लगी है। करनाल पुलिस को सूचना मिली की मुकीम काला और उसकी पत्नी जीटी रोड से अंबाला की तरफ से करनाल की तरफ आ रहे हैं, उस समय पुलिस ने बलड़ी बाईपास पर नाकेबंदी की थी, लेकिन पहले से ही स्थिति को भांपकर मुकीम काला ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की थी। बाद में मुकीम काला फायरिंग करते हुए भाग गया था, जबकि पुलिस ने उसकी पत्नी व एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उस समय लूट वारदात के जेवरात भी महिलाओं के कब्जे से बरामद किए गए थे।
उधर, इस बारे में एसपी पंकज नैन ने बताया कि करनाल एस्कार्ड गार्ड की टीम आरोपी इसरार को यूपी में अदालत में पेश करने गई थी, घटना की सूचना मिल गई है। लापरवाही बरतने वाले सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।