आठ दिनों से लापता दीपांशु का शव शुक्रवार को कैथल जिले के कालरम गांव के पास एक रजवाहे से मिला है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी पंकज नैन ने ग्रामीणों को जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि निगदू वासी दीपांशु 11 अगस्त की रात को भैंस के बाड़े में सोया हुआ था। अगली सुबह जब उसके परिजन वहां पहुंचे तो दीपांशु अपनी बाइक सहित गायब मिला। तब से ही गोताखोर रजवाहे में उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को उसका शव रजवाहे से मिला है। मृतक दीपांशु के पिता ने निगदू चौकी में अपने बेटे के अपहरण होने की शिकायत दी थी।
लेकिन पुलिस ने अपहरण की शिकायत की बजाय गुमशुदा की शिकायत दर्ज की थी, इसकी सूचना जब बुटाना थाना एसएचओ को मिली तो उन्होंने कस्बे का निरीक्षण कर अपहरण होने की शिकायत दर्ज की। एसपी पंकज नैन ने बुधवार को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज को सस्पेंड दिया था। दीपांशु की तलाश में जुटी टीम ने 16 अगस्त को उसकी बाइक को यूपी के सहारनपुर जिले के उमरपुर गांव से बरामद कर लिया है।