सीसीटीवी चालू होते तो सुलझ सकती थी मामले की गुत्थी
- फोटो : Amar Ujala
वसंत विहार में दो युवकों की मौत के बाद लोगों द्वारा हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है, जबकि कुछ लोग इसे सड़क दुर्घटना भी मान रहे हैं। वहीं, मृतक विकास के घर से 150 मीटर दूरी पर स्थित एक निमार्णाधीन मकान की सीढ़ियों और गली में काफी मात्रा में खून मिलने से लोग इसे हत्या मान रहे हैं। जिस निर्माणाधीन मकान के बाहर गली में काफी मात्रा में खून पाया गया है।
उसके पास ही एक ज्वैलर्स की दुकान है। दुकान पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, लेकिन कैमरे खराब होने की वजह से बंद पड़े है। अगर कैमरा ठीक होता तो पूरी घटना उसमें कैद हो जाती और दोनों छात्रों की मौत की गुत्थी सुलझ सकती थी। परिजनों का कहना है कि दोनों के साथ किसी भी प्रकार का कोई लड़ाई झगड़ा नहीं था।
शाम को काम पर जाने के लिए विकास घर से बाइक लेकर गया था। सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके बेटे को सड़क दुर्घटना में काफी चोट आई है। जबकि दोबारा फोन आया तो पुलिस ने बताया कि दोनों की मौत हो गई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों छात्रों की हत्या कर पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए शव जीटी रोड पर फेंके गए हैं। ताकि घटना को सड़क दुर्घटना के साथ जोड़ा जा सके। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ब्लाइंड है डबल मर्डर केस
परिजनों का आरोप है कि दोनों छात्रों की हत्या के बाद शवों को फेंका गया है। एक तरफ, विकास के घर व आसपास में खून मिला है और दोनों के शव जीटी रोड पर मिले हैं। ऐसे में सुबह पुलिस मान रही थी कि यह सड़क हादसा है और परिजन भी ऐसा ही मान रहे थे, लेकिन दोपहर को जैसे ही गली में खून के निशान मिले तो परिजनों को हत्या का शक हुआ। हालांकि, अभी परिजनों ने किसी पर भी शक नहीं जताया है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गली और जीटी रोड पर मिले अलग अलग खून की जांच के बाद ही मामले का पटाक्षेप हो सकेगा।