करनाल जिले के तरावड़ी कस्बे के रेलवे ओवरब्रिज पर रविवार देर रात हुई दो कारों की आमने सामने की भिड़ंत में दो बाइकों पर चार युवक चपेट में आ गए। कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ऊपर उछल गई और उस पर सवार छात्र तरावड़ी निवासी यमन गिरधर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके तीन दोस्त गगनदीप, गौरव रावल, परूथी, पर्व गिरधर घायल हो गएा। इनमें तरावड़ी के गगनदीप की हालत गंभीर है और उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।
तरावड़ी थाना पुलिस के मुताबिक तरावड़ी के वार्ड नंबर-12 वासी यमन गिरधर उर्फ यमी (15) प्रताप पब्लिक स्कूल में नौंवी कक्षा का छात्र था। वह अपने दोस्तों के साथ जीटी रोड पर स्थित ढाबे पर खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद जब वह वापस घर की तरफ आ रहे थे तो रेलवे ओवरब्रिज के बीच में कारों की आमने सामने टक्कर हो गई। इसमें यमन गिरधर उर्फ यमी के साथ जा रहे दोस्तों की दोनों मोटरसाइकिलें भी चपेट में आ गई। यमन गिरधर की मोटरसाइकिल के साथ कार की इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि यमन की मोटरसाइकिल रेलवे ओवरब्रिज से करीब पांच फुट ऊंची उठ गई।
इस दौरान यमन रेलवे पुल की रेलिंग से टकराता हुआ शहीद भगत सिंह चौक के सामने गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर, रेलवे ओवरब्रिज पर क्षतिग्रस्त कारों में गगनदीप भी फंस गया। इस हादसे में तीन युवक गौरव रावल, परूथी, पर्व गिरधर घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को करनाल के सरकारी तथा विर्क अस्पताल में ले जाया गया, जहां से गगनदीप की हालत गंभीर देखते हुए उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। उधर, छात्र की मौत से तरावड़ी में मातम छाया हुआ है, जबकि तीन अन्य दोस्त अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
विधायक ने मौके पर पहुंचकर बंधाया ढांढस
विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। सड़क हादसे में हुई यमन की मौत से पूरे तरावड़ी में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को कब्जे में ले लिया है। जल्दी ही लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।