अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। डायरेक्टर के फर्जी हस्ताक्षर कर गलत तरीके से कर्मचारी का तबादला करने के मामले में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) के सहायक निदेशक अजीत ग्रेवाल को मधुबन थाना पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया और एक दिन का पुलिस रिमांड मांगा। मधुबन थाना प्रभारी राजकुमार रंगा ने कहा कि एक दिन के पुलिस रिमांड में आरोपी अजीत ग्रेवाल से गहनता से पूछताछ की जाएगी।
मामले के अनुसार, एफएसएल मधुबन में सरोज देवी एसएसए (वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक) के पद पर तैनात है। पिछले दिनों सरोज देवी का ट्रांसफर दादरी कर दिया गया था। बताया जाता है कि सहायक निदेशक अजीत ग्रेवाल ने गलत तरीके से एक कागजात पर डायरेक्टर श्रीकांत जाधव के हस्ताक्षर कर दिए और इन्हें सीधे एसीएस होम भेज दिया। इसके बाद, सरोज देवी का तबादला एफएसएल में ही बैलिस्टिक सेक्शन में करवा दिया। इस मामले में जब कागजों की जांच की गई तो श्रीकांत जाधव को हस्ताक्षरों पर शक हुआ। डायरेक्टर ने अपने हस्ताक्षर व उस दस्तावेज पर किए गए हस्ताक्षरों की एफएसएल में जांच कराई तो हस्ताक्षर अलग अलग मिले। इसके बाद डायरेक्टर ने दिल्ली एनसीटी दिल्ली के डायरेक्टर को पत्र लिखकर हस्ताक्षरों की जांच के लिए पत्र लिखा। दिल्ली में एक्सपर्ट बोर्ड की टीम ने भी हस्ताक्षर अलग अलग करार दिए तो एफएसएल के निदेशक ने आरोपी अजीत ग्रेवाल समेत अन्य के खिलाफ मधुबन पुलिस थाने में धोखाधड़ी, साजिश रचने समेत विभिन्न आरोपों में केस दर्ज कराया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी अजीत ग्रेवाल को गिरफ्तार कर लिया था।