अमर उजाला ब्यूरो
असंध (करनाल)। क्षेत्र के गांव जलमाना में वीरवार की सायं 4 बजे आंधी से दो मंजिला इमारत से गिरी भारी भरकम फ्लैक्स बोर्ड लगाने स्ट्रक्चर (लोहे की ग्रील) एक नौंवी कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि नीचे बैठे तीन अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वहीं, तीन अन्य व्यक्ति बाल बाल बच गए। पुलिस ने मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। असंध के गांव जलमाना निवासी दीपक (14) पुत्र सतपाल नौवीं कक्षा का छात्र था। वीरवार सायं 4 बजे वह अपने दोस्त से नोटबुक लेने जा रहा था। रास्ते में आंधी आते देख वह दीवार से सटकर खड़ा हो गया। अचानक भारी भरकम फ्लैक्स लगाने वाली साइट छत से नीचे गिर गया। हादसे में दीपक समेत चार लोग घायल हो गए। जहां पर डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुरविन्द्र सिंह, बलकार सिंह व बिटू को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
इमारत की दीवार के साथ खालसा यूनियन के नाम से गाड़ी चालकों ने अपने बैठने के लिए स्थान बनाया हुआ है। इसमें यूनियन के ड्राइवर बैठे रहते हैं। जब आंधी आई तो 6 ड्राइवर तख्त पर बैठे थे। अचानक आए होर्डिंग का स्ट्रक्चर गिरने से चार लोग चपेट मेें आ गए, जबकि काला, हरजिंद्र सिंह व दिलबर बाल बाल बच गए।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि किशोर के शव का पोस्टमार्टम के बाद संस्कार करा दिया गया है। संबंधित ठेकेदार व दुकान मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसमें जांच की जा रही है।