अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। दस साल की सजा काट रहा एक कैदी कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज से इलाज के दौरान बुधवार रात को फरार हो गया। शुगर की बीमारी होने के कारण कैदी का इलाज पिछले 13 दिनों से मेडिकल कॉलेज की चौथी मंजिल पर वार्ड नंबर-2 में चल रहा था और इसकी निगरानी के लिए एचसी सतबीर सिंह, सिपाही मोहित और सिपाही रोहित तैनात थे। बुधवार रात को कैदी हरिजिंद्र ने पेशाब करने का बहाना बनाया और मौका मिलते ही मेडिकल कॉलेज से फरार हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कैदी हरिजिंद्र सिंह के साथ ही तीनों पुलिस कर्मचारियों पर मामला दर्ज कर लिया है।
अफीम के मामले में पकड़ा गया था कैदी
जिला जेल एसपी शेरसिंह ने बताया कि कैदी 38 वर्षीय हरिजिंद्र करनाल में असंध के गांव मर्दान खेड़ा का रहने वाला है। आरोपी अफीम के मामले में पकड़ा गया था। इसके बाद 30 अगस्त 2012 को आरोपी जिला जेल आया था और 30 जनवरी 2014 को आरोपी को दस साल की सजा सुनाई गई थी। कैदी को शुगर थी इस कारण अकसर उसकी तबीयत खराब रहती थी। इससे पहले भी उसे कई बार अस्पताल में दाखिल कराया गया था। अब कैदी को 18 अप्रैल को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था। उस दौरान कैदी चल भी नहीं सकता था।
पुलिस ने दो घंटे खंगाले सीसीटीवी कैमरे
रात को कैदी के फरार होने पर मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने कैदी की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद दो घंटे पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के सीसीटीवी कैमरे खंगाले वहां भी पुलिस को कोई अहम सुराग नहीं लगा। पुलिस का मानना है कि कैदी लिफ्ट के द्वारा मेडिकल कॉलेज से भागा है।
मेडिकल कॉलेज से दस साल की सजा काट रहा कैदी हरिजिंद्र फरार हो गया है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर तीन पुलिस कर्मचारियों सहित कैदी पर भी मामला दर्ज कर लिया है। -रामआसरे, जांच अधिकारी, सिविल लाइन थाना।