करनाल। पुलिस से मुखबिरी का बदला लेने के लिए महिला ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म व छेड़छाड़ करने के आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। बाद में समझौते के नाम पर 70 हजार रुपये देने को कहा लेकिन बदनामी के कारण युवक ने रविवार की शाम को सुसाइड नोट जेब में रखकर विषाक्त गोलियां खा लीं। तबीयत बिगड़ने पर उसे कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। सोमवार को होश आया तो उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस से अपनी गलती स्वीकार करते हुए क्षमायाचना भी की लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के एक केबल संचालक युवक ने रविवार की शाम को विषाक्त पदार्थ खा लिया था। परिजनों ने उसे हालत बिगड़ने पर कल्पना चावला मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। होश आने पर सोमवार को पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि मोहल्ले का एक व्यक्ति कई गलत कार्य करता है, उसने पुलिस को मुखबिरी करके उसे पकड़वा दिया। यह बात उसे पता लग गई तो बदला लेने की नीयत से उसने अपनी पत्नी से दुष्कर्म व छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दे दी। जिससे उसकी काफी बदनामी हुई। अब जो रकम समझौते के बदले देने को कहा रहा है उसते पैसे उसके पास नहीं है। इसलिए उसने सुसाइड नोट लिखकर जेब में रखा और गेहूं में लगाने वाली दवाई खा ली। उसने स्वीकार किया कि उससे आत्महत्या की कोशिश करते गलती की, उसे माफ कर दिया जाए। लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।