निकाय मंत्री सावित्री जिंदल ने कहा कि एक जनवरी तक प्रदेश में जो भी गैर मान्यता प्राप्त कॉलोनियां पचास प्रतिशत तक बनी हुई हैं, उन सभी में सर्वे करवाकर कॉलोनियों में जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
कैथल में शुक्रवार शाम अंग्रेज सिंह गोराया की भतीजी के विवाह समारोह में भाग लेने के लिए पहुंची मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र रोड पर जिंदल हाउस से लेकर गांव टीक तक की सड़क को भी फोरलेन बनाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंजूरी दे दी है। सावित्री जिंदल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति काफी मजबूत है। पार्टी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हर वर्ग के हित में कार्य किए हैं।
उन्होंने दावा किया कि लोकसभा की दस सीटें कांग्रेस की झोली में जाएगी तथा केंद्र में भी फिर से यूपीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स की तिथि बढ़ाने के संदर्भ में इसकी तारीख 15 फरवरी कर दी गई है। इस मौके पर मांगेराम कैलरम, जिला प्रवक्ता बसंत जैन, पूर्व बार अध्यक्ष पीएल भारद्वाज, नवनीत गोयल, मनोज दुआ, नरेश चट्ठा मानस, मांगे राम खुरानिया सहित राजेश बनवाला, रोहित विशिष्ठ, कर्मबीर कश्यप मौजूद रहे।