करनाल। कर्ण स्टेडियम में चार दिवसीय हरियाणा सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज रविवार को शुरू हो गया। पहले दिन चरखी दादरी ने महेन्द्रगढ़ को 1-0, पानीपत ने पलवल को 1-0, रोहतक ने सिरसा को 4-2, कुरुक्षेत्र ने झज्जर को 3-2 व गुरुग्राम ने फरीदाबाद को 5-4 से शिकस्त देकर जीत दर्ज की।
हरियाणा फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का सुबह 9:30 बजे उद्घाटन मुख्य अतिथि सेठ महावीर गोयल अध्यक्ष जिला फुटबॉल एसोसिएशन हिसार एवं प्रतिनिधि राज्य सभा सांसद ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया।
उद्घाटन मैच में चरखी दादरी और महेन्द्रगढ़ के बीच हुए रोचक मुकाबले में चरखी दादरी पूरे मैच में महेन्द्रगढ़ पर हावी रही। यह मैच चरखी दादरी ने 1-0 से अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बलकार सिंह संधु, भीम सिंह सैनी, विजय शर्मा हरियाणा पुलिस के फुटबॉल प्रशिक्षक, नरसिंह कांबोज, हरदीप राणा व रमन सिंह जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।