माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सीबीएसई ने परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों की तैयारी जांचने और उन्हें विज्ञान विषय के प्रति जागरूक करने के लिए सीबीएसई साइंस चैलेंज-2021-22 आयोजित किया है। बोर्ड ने कक्षा आठवीं से 10वीं के छात्रों के लिए इस कार्यक्रम के तहत एक विज्ञान चुनौती की घोषणा की है। बोर्ड की इस चुनौती को विद्यार्थियों के बीच जिज्ञासा, सवाल-जवाब और उच्च स्तरीय सोच पैदा करने की पहल के रूप में लिया जा रहा है।
सीबीएसई साइंस चैलेंज 28 फरवरी तक दीक्षा प्लेटफार्म पर उपलब्ध होगा। यह चुनौती हिंदी और अंग्रेजी दोनों में उपलब्ध है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कोई शुल्क नहीं है। इसके लिए सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों को अपने छात्रों को सीबीएसई.जीओवी.इन पर पंजीकृत करना होगा। पंजीकरण के बाद स्कूलों को एक आईडी मिलेगी। इस आईडी का प्रयोग करके वे इसमें भाग ले सकेंगे।
दीक्षा एप पर छात्र बन सकते हैं चैलेंज का हिस्सा
सीबीएसई से संबद्ध नहीं रखने वाले स्कूलों के छात्र सीधे प्लेटफॉर्म पर चैलेंज का हिस्सा बन सकते हैं। इसके लिए छात्रों को दीक्षा एप के नए संस्करण को डाउनलोड करने या प्रमाण-पत्र के लिए दीक्षा वेबसाइट पर जाना होगा।
विशेष बच्चों को सीधे दूसरे राउंड में जाने का मौका
स्कूल प्रत्येक कक्षा से पांच बच्चों को नामांकित कर सकते हैं, जिन्होंने सीधे विज्ञान चुनौती में भागीदारी प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। वे दूसरे चरण में या रमन यंग साइंस इनोवेटर अवॉर्ड के लिए पात्र बन जाएंगे। इसकी पूरी जानकारी बोर्ड की ओर से डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.आरएएमएएनएएडब्ल्यूएआरडी.ओआरजी पर डाली है।
सीबीएसई ने 8वीं से 10वीं के छात्रों की क्षमता जानने और विज्ञान के प्रति जागरूक करने के लिए साइंस चैलेंज प्रतियोगिता शुरू की है। प्रतियोगिता 28 फरवरी तक दीक्षा एप पर आयोजित होगी।
- डॉ. राजन लांबा, अध्यक्ष, सहोदय स्कूल कांप्लेक्स।