संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। ड्राई फ्रूट्स के दाम दोगुने हो गए हैं, अंजीर, किसमिस, मुनक्का, छुआरा, काजू आदि आम लोगों की पहुंच से दूर होते जा रहे हैं। रक्षाबंधन पर ज्यादातर लोग मिठाई के साथ ड्राई फ्रूट की खरीदारी करते हैं, मिठाई में मिलवाट की आशंका के चलते वह ऐसा कर रहे हैं। दुकानदारों का भी कहना है कि पहले बादाम की गिरी 600 रुपये प्रति किलो थी जो कि अब 1100 से 1200 रुपये तक पहुंच गई है। दुकानदार पीयूष गुप्ता ने बताया कि बादाम की गिरी अफगानिस्तान और कुछ किस्म अमेरिका से आती है। बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान से ड्राई फूट का व्यापार बंद होने से इसके दाम आसमान छूने लगे हैं।
इसलिए बढ़े दाम
सदर बाजार निवासी विकास मित्तल ने बताया कि अफगानिस्तान से अंजीर आती थी। जिसके दाम में भी 100 से 150 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पहले अंजीर 800-900 रुपये प्रति किलो मिलती थी अब वह 1100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। दुकानदार मोहित कथूरिया ने बताया कि छुआरा भी अफगानिस्तान से आता था। इसके दाम में भी 50 रुपये तक की तेजी आई है। पहले 180 रुपये प्रति किलोग्राम था जो अब 210 तक पहुंच गया है। वहीं किसमिश 250 से 280 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। काजू 700 से एक हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। अखरोट के दाम में भी 200 रुपये प्रति किलो तक का इजाफ हो गया है।
चाकलेट, बिस्कुट व नमकीन निकाला विकल्प
त्योहारी सीजन में मिठाइयों में मिलावट की आशंका ज्यादा रहती है ऐसे में लोग ड्राई फ्रूट ज्यादा खरीदते हैं लेकिन इस बार इनके दाम बढ़ने पर लोगों ने नामी कंपनियों की चाकलेट, बिस्कुट, नमकीन को विकल्प बनाया है। बाजार में इन तीनों की पैकिंग का सामान बिक रहा है। जिन्हें लोग खरीद रहे हैं। रक्षाबंधन के पर्व को लेकर भी बाजार में बहनें व भाई यही खरीदते नजर आए।