संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बसताड़ा टोल प्लाजा के समीप एक व्यक्ति को पिस्तौल दिखाकर तीन युवक उसकी कार छीनकर ले गए। आरोपियों ने मालिक को कार में पीटा फिर सुनसान जगह पर फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव घिलौड कलां रोहतक निवासी रोहित ने बताया कि वह शनिवार शाम बाइपास दिल्ली से सवारी बैठाकर चंडीगढ़ के लिए चला था। उसकी कार में एक युवती और तीन युवक बैठे थे।
जब वह घरौंडा टोल पार कर अर्पणा अस्पताल के समीप पहुंचे पीछे बैठे एक युवक ने उल्टी आने की बात कहकर कार को रुकवा लिया। जब उसने कार रोकी तो पीछे बैठा युवक आगे आया और पिस्तौल उसकी कनपटी पर रख दी और कार उसे देने को कहा। इसके बाद दूसरे युवक ने उसे कार में ही दबा लिया और कार में बैठी युवती को बाहर निकाल उसका सामान फेंक दिया। इसके बाद वह कार लेकर चल पड़े। उन्होंने कार में ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे बुडशाम रोड पर फेंक दिया। वहां से एक बुजुर्ग गुजर रहा था तो उसने उससे मोबाइल लेकर अपने भाई को पूरी घटना के बारे में बताया।