संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। तरावड़ी क्षेत्र के सौकड़ा गांव के समीप बुधवार रात पुलिस व बदमाशों के बीच फायरिंग हुई। फार्च्यूनर कार में सवार बदमाश पुलिस की घेराबंदी के बावजूद भागने में कामयाब हो गए। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जाल बिछाया, लेकिन वे फरार होने में सफल रहे। तरावड़ी थाने में गाड़ी नंबर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार रात के समय ईआरवी 437 पर ईएचसी मिंकू व चालक एसपीओ बलकार तैनात थे। करीब 1:56 बजे पुलिस कंट्रोल रूम डायल नंबर 112 के पंचकूला मुख्यालय से करनाल पुलिस को सूचना दी गई कि सफेद रंग की फार्च्यूनर कार नंबर एचआर14क्यू-0002 से झिलमिल ढाबे पर तीन लोग आए हैं और उनके पास हथियार हैं। ये लोग यहां से पिपली की ओर रवाना हो गए हैं। एक ईवीआर इनका पीछा कर रही है और अनुमान है कि फार्च्यूनर कार सौकड़ा क्षेत्र में है।
कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही ईवीआर 437 पर तैनात कर्मचारियों ने तुरंत संभावित क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद तेज गति से वही फार्च्यूनर गाड़ी आई तो उसके चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उसके साथ बैठे बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर फायर कर दिया। जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया। पुलिसकर्मी ने जवाब में बदमाशों की गाड़ी के पहिये पर एक राउंड फायर किया जो चूक गया। बदमाश तेज गति से काछवा गांव की ओर फरार हो गए।
तरावड़ी थाना प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि पंचकूला कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर क्षेत्र में नाकाबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया गया। ईएचसी मिंकू के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।