कनखल थाना क्षेत्र के प्रेमनगर फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर तेज रफ्तार चल रही कार गंगनहर में गिर गई। दुर्घटना में कार चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
कनखल थाना प्रभारी कमल कुमार लुंठी के मुुताबिक हरियाणा के पानीपत के कस्बा समालखा निवासी राजेश और रविंद्र हरिद्वार आए हुए थे। रविवार की सुबह साढ़े चार बजे प्रेमनगर फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर जाह्नवी डेल होटल के सामने से आते हुए कट लेने के चक्कर में उनकी तेज रफ्तार कार सीधे गंगनहर में जा गिरी। राजेश की मौके पर ही मौत हो गई और रविंद्र घायल हो गया। सुबह के समय टहलने के लिए निकले लोगों ने कार के नहर में गिरने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। रविंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं राजेश के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सवार शराब के नशे में थे।