करनाल। जिला प्रशासन की ओर से डीएवी स्कूल में आयोजित करनाल खंड के अंत्योदय ग्रामोदय मेले में करीब 55 योजनाओं का लाभ देने के लिए 14 विभागोें ने स्टाल तो लगा दिए गए। लेकिन मेले दूसरे दिन भी लचर व्यवस्थाओं के चलते लोग परेशान दिखे। हालात यह रहे कि 2800 पात्र लोगों में से दो दिन में केवल 690 ही मेले में पहुंचे।
बुजुर्ग संतोष रानी ने बताया कि उसको व अन्य साथ वाली महिलाओं को फोन करके मेले में लाभ देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन यहां पर 55 साल से अधिक उम्र होने की बात कह कर लाभ देने से मना कर दिया और वहीं एक अधिकारी बोले कि आपकी उम्र लाभार्थी नियम से अधिक है, आप चाय पीकर घर जाओ। बुजुर्ग महिलाओं का कहना था कि वह 100 सौ रुपये किराया खर्च कर योजनाओं का लाभ लेने आई हैं न कि चाय पीने। जब लाभ देने में असमर्थ थे तो यहां बुलाकर उन्हें परेशान क्यों किया गया। वहीं, दूसरे दिन भी विभागीय कर्मचारी निर्मल कुटिया से लंगर लेकर मेले में पहुंचे।
ये है अंत्योदय ग्रामोदय मेला
हरियाणा सरकार की ओर से 50 हजार से कम आय के गरीब परिवारों के उत्थान के लिए अंत्योदय ग्रामोदय लगाए जा रहे हैं। जिनमें विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए है। पात्र लोगों को दो दिन पहले मेले में आकर लाभ देने के लिए फोन किया जाता है। जिसमें आवेदन कर्त्ता अपने साथ सभी दस्तावेज लेकर पहुंचता है। इसमें आवेदन कर्त्ता की उम्र 55 साल से कम होनी अनिवार्य है। करनाल खंड के मेले में नगर निगम के 20 वार्ड और 45 ग्राम पंचायतें शामिल थी।
वर्जन
जिन्हें उम्र अधिक होने संबंधी समस्या आ रही है, वह परिवार पहचान पत्र में अन्य पारिवारिक सदस्य के नाम से लाभ ले सकता है। जरूरतमंदों को लाभ देने के लिए ही मेलों का आयोजन किया जा रहा है। -रेनू बाला गुप्ता, मेयर नगर निगम
मेयर ने किया मेले का अवलोकन, समस्या निदान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
करनाल। ग्रामोदय मेले में बुजुर्गों को बुला कर उनकी उम्र ज्यादा बताने को लेकर समस्या आ रही थी जिसको अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम मेयर रेनू बाला गुप्ता दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मेले में पहुंचीं और नोडल अधिकारी व अन्य को बुजुर्गों की उम्र संबंधी आ रही समस्या का तुरंत निदान करने के निर्देश दिए।
इतेफाक से इसी दौरान एक महिला उम्र की समस्या को लेकर ही उनके पास आई तो अधिकारियों ने आनन-फानन में उसे साइड में ले जाकर तुरंत समाधान करने का आश्वासन दिया। समस्याओं के चलते ही 28 सौ लोगों में से 690 लोग ही मेले में पहुंचे।
दूसरी ओर, अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह ने मेले के अवलोकन के दौरान बताया कि दो दिवसीय मेले का सफलतापूर्वक समापन हुआ। जिसमें 55 योजनाओं का लाभ देने के लिए विभिन्न विभागों की स्टाल लगाई गई थी। मेेले में 690 गरीब लोगों ने योजनाओं का चयन कर लाभ उठाया। मेले में बैंकर्स का स्टॉल भी लगाया गया था ताकि लोगों का मौके पर ही पात्रता के अनुसार लोन स्वीकृत हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत 1 लाख रुपये से नीचे वार्षिक आय वालों की पहचान करके उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ देने की पहल की है, जिससे परिवारों की आमदनी में इजाफा होगा और वे स्वरोजगार से जुड़ सकेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा करीब 400 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। इस अवसर पर निगम आयुक्त डॉ. मनोज कुमार, अभय सिंह, देवेंद्र नरवाल, सत्यवान ढिलौड़, कंचन लत्ता मौजूद रहे।