करनाल। जीटी रोड पर कार में लिफ्ट देकर पिस्तौल के बल पर अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से 23 हजार 500 रुपये लूट लिए। इसमें छह हजार नकद और 17500 रुपये गूगल पे से ट्रांसफर कराए। वारदात सेक्टर-6 के समीप हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन देर शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस की दी शिकायत में पानीपत की सुभाष कॉलोनी निवासी भुवनेश बतरा ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र में अरोड़ा क्लाथ हाउस पर काम करता है। वहीं पर रहता भी है। हर शनिवार को वह कुरुक्षेत्र से पानीपत अपने घर जाता है। बीती रात करीब नौ बजे वह कुरुक्षेत्र से चला था और ईको गाड़ी में बैठकर सेक्टर-6 चौक पर उतरा। तभी वहां एक स्विफ्ट कार आई। उसमें बैठे व्यक्तियों ने कहा कि वह दिल्ली जाएंगे, बस किराए में ही वह उसे भी पानीपत छोड़ देंगे। वह उनकी बातों में आ गया और कार में बैठ गया। कुछ दूर चलते ही एक पेट्रोल पंप के पास उन्होंने सिर पर पिस्तौल तान दी। उसकी जेब से छह हजार रुपये निकाल लिए तथा उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद जबरदस्ती उसके गूगल पे से पासवर्ड पूछकर 17500 रुपये ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद उसे कैथल रोड की साइड में छोड़कर फरार हो गए।
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
लूट के मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले की जांच के लिए एक टीम भी बनाई गई है।
--गुरविंद्र सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर-32,33
करनाल। कर्ण विहार में एक परिवार राजस्थान में बागड़ गोगा माड़ी पर माथा टेकने के लिए गया हुआ था। इस दौरान चोरों ने उनके घर को खंगाल दिया और घर से सोने चांदी के गहने सहित करीब 50 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने पर पूरा परिवार वापस पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कर्ण विहार निवासी मनीष कादयान ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ एक अप्रैल को बागड़ कुआ धाम राजस्थान गए हुए थे। 17 अप्रैल को उनकी बहन सोनम का फोन आया और बताया कि रात के समय घर की लाइट जली हुई है। सूचना मिलने पर वह परिवार सहित घर पहुंचे तो देखा कि घर की खिड़की तोड़कर चोर घर के अंदर घुसे थे और अलमारी का ताला तोड़कर घर में रखे गहने और नकदी चोर कर ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करनाल। प्लाट बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 2.20 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में सेक्टर-6 निवासी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी अर्जुन निवासी उत्तम नगर करनाल ने दूसरे आरोपी नरेश कुमार निवासी ज्योति नगर कैथल से मिलवाया था। आरोपियों ने उसे उत्तम नगर में एक प्लाट दिखाया। 20 अप्रैल 2010 को उसने उस 120 वर्ग गज प्लाट के 2.20 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद दिसंबर 2010 में इस प्लाट की रजिस्ट्री करवानी थी, लेकिन आरोपी टाल मटोल करते रहे। इसके बाद 5 जनवरी 2021 को उसने कॉलोनी में जाकर देखा कि वह प्लाट आरोपियों ने किसी और को बेच दिया है। साथ ही उसे रुपये देने से भी मना कर दिया है।
.......................
बैंक में रुपये जमा कराने आया था किसान,
थैला काटकर युवक ले गया 33 हजार
घरौंडा। शहर के सर्विस रोड पर स्थित पीएनबी बैंक में रुपये जमा करवाने पहुंचे किसान का थैला काटकर एक युवक ने 33 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को जमालपुर निवासी किसान राज सिंह राणा चार लाख तीन हजार रुपये की नकदी जमा करवाने के लिए सर्विस रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में गया था। किसान कैश जमा करवाने के लिए लाइन में लगा हुआ था। पूरा कैश उसके थैले में था। उसके आगे दो-तीन लोग लाइनों में लगे हुए थे। उसके पीछे एक युवक भी था। जब वह कैश काउंटर पर रुपये जमा करवाने के लिए पहुंचा और उसने सारा कैश थैले से बाहर निकाला तो कैश कम देखकर उसके होश उड़ गए। राज सिंह ने बताया कि उसके थैले में रुपयों के नौ बंडल थे, लेकिन जब उसने बाहर निकाले तो आठ ही बंडल थे। एक 33 हजार रुपये का बंडल गायब था। उसने थैला चेक किया तो कटा हुआ था। राज का आरोप है कि उसके पीछे एक युवक खड़ा हुआ था, उसी ने इस घटना को अंजाम दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीएनबी बैंक में कैश जमा करवाते समय जमालपुर निवासी किसान राज सिंह नामक व्यक्ति के बैग से 33 हजार रुपये चोरी होने की शिकायत मिली है। मामले में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।