कपड़ा व्यापारी से लाखों रुपये लूट मामले में पुलिस की कार्रवाई से
असंतुष्ट व्यापारियों ने सोमवार को जमकर बवाल काटा और दिनभर बाजार बंद रखा।
मार्केट बंद करके धरना दिया और आधा घंटे के बाद कमेटी चौक पर दो घंटे तक
जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ रोष जताया। जाम से वाहनों की कतारें लग गई और
राहगीर परेशान हो गए।
डीएसपी राजकुमार कौशिक ने मौके पर पहुंचकर
व्यापारियों को समझाया और पूरे केस की रिपोर्ट खुद देखने के आश्वासन पर
व्यापारी शांत हुए। व्यापारियों की ग्यारह सदस्यों की बनी कमेटी डीएसपी
राजकुमार से लूट मामले की जानकारी लेती रहेगी। 11 बजे से एक बजे तक लगे जाम
के दौरान व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और नारेबाजी
की। पटेल मार्केट स्थित कपड़ा व्यापारी हरीश के साथ 28 अगस्त रात को
दुकान बंद करते वक्त तीन लाख 60 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया था।
नकाबपोश आरोपी का पीछा किया, लेकिन आरोपी जीप में बैठकर फरार हो गए। सिटी
थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट मामला दर्ज कर लिया है। तब से व्यापारी
कई बार पुलिस अधिकारियों से मिले, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
पुलिस की सख्त कार्रवाई न होने से व्यापारियों का सोमवार को गुस्सा फूट
गया। उन्हें पूरा दिन मार्केट बंद रखी और इंसाफ की मांग की गई।
सुबह दस
बजे से पौने ग्यारह बजे तक व्यापारी पटेल मार्केट में धरना देकर विरोध
जताते रहे। यहां पर प्रशासन की तरफ से व्यापारियों की बात सुनने कोई नहीं
आया। इसके बाद 11 बजे व्यापारियों ने कमेटी चौक पर पहुंचकर चारों तरफ से
जाम लगा दिया। तिरछी कारें खड़ी कर दी और विरोध जताते रहे। व्यापारियों के
इस विरोध पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। कई वाहन चालकों की व्यापारियों से
बहस हुई, लेकिन व्यापारियों का विरोध जारी रहा। व्यापारी योगेश, हरीश,
कंवरभान चावला सहित अन्य ने बताया कि 25 दिन बीतने के बाद पुलिस के हाथ
खाली रहने से उन्हें रोष है। इससे आरोपी खुले आम वारदात करते रहेंगे।
आरोपियों का पुलिस सुराग नहीं लगा पाती। बाजार में वारदातें बढ़ती जा रही
हैं।
सड़क पर बनाई कमेटी
जाम के दौरान ही व्यापारियों ने डीएसपी
से बात की और अपनी नाराजगी जाहिर की। व्यापारियों की मांग पर सड़क पर ही
11 सदस्यीय कमेटी बनी। व्यापारी कृष्णलाल तनेजा ने बताया कि ग्यारह सदस्यों
की कमेटी बन गई है। अब लूट मामले में डीएसपी राजकुमार मामले में अपडेट
जानकारी देते रहेंगे। तनेजा ने कहा कि अगर जल्द ही बदमाश गिरफ्तार नहीं किए
गए तो वे फिर से रोष जताने पर मजबूर होंगे।
व्यापारियों को लाखों का नुकसान
संडे
को मार्केट बंद थी और सोमवार को मार्केट खुद ही बंद कर ली। इससे बाजार की
करीब 60 दुकानें बंद रहीं। इससे व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हो
गया है। इसके अलावा लोग खरीददारी नहीं कर पाए। इससे उन्हें खाली हाथ ही घर
लौटना पड़ा। व्यापारियों ने कहा कि मजबूरी में विरोध जता रहे हैं। इस बारे
में डीएसपी राजकुमार ने बताया कि इस केस में पुलिस की टीमें बदमाशों का
सुराग लगा रही हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और बदमाशों को
सलाखों के पीछे धकेला जाएगा।