संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। धौलगढ़ गांव में बुधवार को 4 मार्च से लापता दिव्यांग युवक गोल्डी(28) का शव गांव के तालाब से मिला है। युवक के शरीर पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, सूचना मिलने पर पहुंची सदर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है।
परिजन सोनू और अमित के अनुसार, गोल्डी 4 मार्च को होली वाले दिन गांव में एक शादी समारोह में गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिवार को लगा कि वह काम पर गया होगा। उसके पास मोबाइल फोन नहीं था और वह अक्सर तीन-चार दिन में घर लौट आता था। परिजनों ने बताया कि जब गोल्डी कई दिन बाद भी घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार को गांव के कुछ बच्चों और गोल्डी के चाचा सुल्तान ने तालाब में शव देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव की पहचान गोल्डी के रूप में हुई। परिजनों का कहना है कि गोल्डी के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे उन्हें शक है कि उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है।
सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि गोल्डी का शव तालाब से बरामद हुआ है। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा। पुलिस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है।