संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। शनिवार शाम करीब 6 बजे चीका शहर के चानना अस्पताल रोड स्थित एक मोबाइल शॉप पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने 3 से 4 राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था। एसपी ने जांच के लिए पुलिस की पांच टीमों का गठन किया है।
फायरिंग के बाद दुकान के शीशे में दो गोलियों के निशान मिले, जबकि एक खोखा दुकान के बाहर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही डीएसपी गुहला कुलदीप बैनीवाल, चीका थाना के सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दुकान मालिक अमन के पिता सतीश कुमार और वर्कर रमन शर्मा से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले, जिसमें दिखा कि बाइक पर सवार दो युवक मुंह ढके हुए आए और दुकान के सामने रुककर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से भाग गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने पांच टीमों का गठन किया है, जिनमें सीआईए, एसडीयू, थाना चीका और साइबर सेल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।
26 को है दुकान मालिक की शादी
दुकान मालिक के पिता सतीश कुमार ने बताया कि बेटा अमन दो वर्षों से मोबाइल शॉप चला रहा है और उसकी 26 अप्रैल को शादी तय है। शादी की तैयारियों के चलते अमन उस समय शहर से बाहर खरीदारी करने गया हुआ था। दुकान पर वर्कर रमन मौजूद था, लेकिन घटना के समय वह भी शौच के लिए बाहर गया हुआ था।
नाकाबंदी कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फायरिंग के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच जारी है।
-कुलदीप बैनीवाल, डीएसपी
दुकान पर एक साथ फायरिंग करते हुए बाइक सवार बदमाश