दो ट्रैक्टरों की बैटरियां चोरी, मुकदमा दर्ज
करनाल। नीलोखेड़ी थाना पुलिस को अंजनथली गांव निवासी चंदा सिंह ने बताया कि शनिवार को उनका ट्रैक्टर रोड धर्मशाला में खड़ा था। वहीं ईश्वर पुत्र राम सिंह का ट्रैक्टर भी मौजूद था। यहां से कोई दोनों ट्रैक्टरों की बैटरियां चुरा ले गया। सोनालिका ट्रैक्टर की बैटरी का बिल मौजूद है, जबकि न्यू होलैंड ट्रैक्टर की बैटरी पुरानी थी और बिल उपलब्ध नहीं है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो
युवक की मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी
करनाल। झिवरहेड़ी गांव निवासी विक्रम कुमार ने थाना घरौंडा में शिकायत दी कि 23 अप्रैल की रात नौ बजे पुराने बस स्टैंड के पास नशे की हालत में वह मोटरसाइकिल से गिर गया। होश आने पर पता चला कि उसका मोबाइल, पर्स और मोटरसाइकिल नहीं थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो
रंजिश में दुकानदार पर किया हमला
करनाल। इंद्री थाना पुलिस को दी शिकायत में अश्वनी निवासी पटहेड़ा ने बताया कि शनिवार रात सवा दस बजे वह दुकान पर काम कर रहा था। तभी दस युवक हथियारों से लैस होकर आए और उस पर हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इसके साजिश कर्ता उसके गांव के ही अशोक और संजय दोनों भाई हैं। ये उसके पिता पर भी जानलेवा हमला कर चुके हैं जिसका पहले से मुकदमा दर्ज है और कोर्ट में केस चल रहा है। उसकी चीखें सुनकर ठेके पर बैठे गांव के कुछ लोगों ने उसे छुड़वाया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। ब्यूरो
कार की टक्कर से बाइक सवार जख्मी
करनाल। रंदौली श्मशान घाट के पास कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र गुरपाल सिंह और उसके बेटे कुलविंद्र सिंह को टक्कर मार दी।। इससे बाइक सवार बेटा गंभीर घायल हो गया। हादसे में कुलविंद्र के सिर पर गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो
महिला पथविक्रेता की रेहड़ी चुराई
करनाल। पुराने बस स्टैंड के पीछे से महिला फूड विक्रेता की रेहड़ी चोरी कर ली गई। ईशानी उर्फ डॉली ने थाना शहर करनाल में शिकायत दी कि उसकी फूड कार्ट पुरानी बस स्टैंड के पीछे से चोरी हो गई। चोर रेहड़ी में रखा सामान, बिजली की तारें, गैस सिलेंडर और तवा ले गए। इससे पहले भी उसकी रेहड़ी पर कई बार चोरी हो चुकी है। ब्यूरो
सुल्तानपुर गांव से ट्रांसफार्मर ले गए चोर
करनाल। सुल्तानपुर गांव में रात के समय चोरों ने 20 केवीए ट्रांसफार्मर के सभी हिस्से चुरा लिए। केवल ट्रांसफार्मर की बॉडी मौके पर मिली। इससे निगम को करीब 88 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर डबरी गांव निवासी काला सिंह के खेत से 16 केवीए ट्रांसफार्मर चोरी हो गया। विभाग को इस चोरी से करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो
शराब के नशे में वृद्ध को पीटकर किया घायल
करनाल। अधोया गांव निवासी जसविंद्र कौर ने तरावड़ी थाने में शिकायत दी कि रमाना रमानी गांव के मनप्रीत ने शराब के नशे में उसके चाचा सतनाम सिंह पर लाठी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद सतनाम सिंह को तरावड़ी के अस्पताल, फिर कल्पना चावला कॉलेज और अंत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो