माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अब पोर्टल पर बिना पंजीकरण कराए एथलीट खेल में भाग नहीं ले सकेंगे। दरअसल किसी प्रतियोगिता से पहले खेल मैदानों पर पहुंचने वाले खिलाड़ियों को सबसे पहले ऑफलाइन पंजीकरण को लेकर ही दिक्कतें आती है। यह समस्या तब और बढ़ जाती है जब प्रतियोगिता एथलेटिक्स की हो, क्योंकि इस खेल के कई अलग-अलग इवेंट होने के कारण खिलाड़ियों की संख्या ज्यादा होती है।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों के ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था शुरू की है। पंजीकृत खिलाड़ी अपने खेल से संबंधित पूरा ब्यौरा पोर्टल पर जाकर देख सकेगा। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने सभी राज्य संघों को जल्द खिलाड़ियों और खेल सुविधा का डिजिटलीकरण करने के निर्देश दिए हैं। जिसकी पहल करते हुए एथलेटिक्स हरियाणा ने इस पर कार्य शुरू कर दिया है।
कैसे करें पंजीकरण
प्रदेश के खिलाड़ी एथलेटिक्स फे डरेशन ऑफ इंडिया की साइट पर जाकर एथलीट रजिस्ट्रेशन पेज खोलें। इसके बाद अपने जन्म और निवास स्थान सहित पासपोर्ट साइज फोटो के साथ अपने इवेंट से संबंधित संपूर्ण जानकारी उसमें फीड कर दें। पंजीकरण होने के बाद खिलाड़ी को एक यूआईडी नंबर और पासवर्ड मिलेगा जिसे वे सुरक्षित रख लें। यूआईडी नंबर से ही वह पोर्टल पर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। भविष्य में होने वाली एथलेटिक्स चैंपियनशिप में किसी भी खिलाड़ी का ऑफलाइन पंजीकरण मान्य नहीं होगा और खिलाड़ी खेल में भाग नहीं ले सकेगा। मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान द्वारा राज्य के सभी जिलों के सचिव और अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं, कि अपने जिले के सभी एथलीटों के एथलेटिक्स फे डरेशन ऑफ इंडिया की साइट पर पंजीकरण करने की प्रक्रिया पूरी कर लें। खिलाड़ी आज से ही पंजीकरण शुरू कर दें।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान ने बताया कि एथलेटिक्स हरियाणा के डिजिटल होने से प्रदेश के सभी खिलाड़ी, प्रशिक्षक और उनके अभिभावक घर पर ही ऑनलाइन माध्यम से एथलेटिक्स से जुड़ी समस्त जानकारियां समय रहते आसानी से प्राप्त कर भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं की तैयारी कर सकेंगे।
छह और सात अगस्त को मनाया जाएगा जैवलिन दिवस
ओलंपिक में नीरज चोपड़ा के स्वर्ण पदक विजेता बनने के उपलक्ष्य में छह और सात अगस्त को देश के सभी राज्यों में ओलंपिक दिवस मनाया जा रहा है। साथ ही हरियाणा में जैवलिन दिवस पर होने वाली सभी आयु वर्गों की प्रतियोगिता के लिए प्रविष्ठि भी ऑनलाइन ही मान्य होंगी।