करनाल। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। सुरक्षा के पहरे में समारोह मनाया जाएगा। पुलिस के कुल 400 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त सभी चौकी और थानों का स्टाफ भी सतर्क रहेगा। जिला स्तरीय समारोह शुक्रवार को नई अनाज मंडी में होगा। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। मुख्य समारोह से जुड़े सभी 21 मार्गों पर पुलिस ने नाकाबंदी की है। प्रत्येक वाहन की जांच के बाद ही आगे भेजा जाएगा।
इसके अलावा शहर के प्रमुख बाजार, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित सभी स्थलों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। आयोजन को लेकर मुख्य समारोह स्थल अनाज मंडी, शहीद स्मारक और चौराहों को विशेष तौर पर सजाया गया है। शहर के खंभों पर भी तिरंगा लाइटें लगाई गई हैं।
मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ध्वजारोहण और परेड का निरीक्षण करेंगे। इससे पहले वे शहर के कर्ण पार्क के निकट जिला सैनिक बोर्ड कार्यालय के परिसर में बने वॉर मेमोरियल स्थल पर अमर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रीय पर्व है, जिला प्रशासन की ओर से समारोह की तैयारी के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। समारोह स्थल की भव्य ढंग से साज सज्जा की गई है और दर्शकों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय का समुचित प्रबंध किया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह में स्कूली बच्चों की ओर से सामूहिक मास पीटी का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि समारोह में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं। उन्होंने बताया कि जिला में उपमंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। ब्यूरो