माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा एनटीएसई (राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा ) लेवल-1 परीक्षा 2021-22 के लिए शेड्यूल जारी हो गया है। इस परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए विद्यार्थी 28 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम (एससीईआरटी) की ओर से इसके लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। जिसके अनुसार लेवल-1 की परीक्षा 16 जनवरी 2022 को आयोजित की जाएगी।
सभी सरकारी व मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के 10वीं कक्षा के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। इस परीक्षा को पास करने वाले विद्यार्थी लेवल-2 की परीक्षा में हिस्सा लेंगे, जोकि जून माह में आयोजित होगी। आवेदन के लिए वेबसाइट एससीईआरटीहरियाणा.जीओवी.इन या हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी की वेबसाइट बीएसईएच.ओआरजी.इन पर ऑनलाइन फार्म भरना होगा। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इतनी मिलेगी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति
एनटीएसई के तहत लेवल-2 की परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं से 12वीं में पढ़ाई के दौरान 1250 रुपये प्रतिमाह, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर पढ़ाई के दौरान 2000 रुपये प्रतिमाह, पीएचडी के दौरान अनुदान आयोग के मानकों के अनुसार छात्रवृत्ति की राशि तय होगी।
इस तरह करें तैयारी
शिक्षा विभाग के गणित विशेषज्ञ मोहन लाल मुंजाल ने बताया कि पाठ्यक्रम के बारे में पूरी जानकारी होना चाहिए। विद्यार्थी इसे अपने 10वीं की पढ़ाई के साथ लिंक करें। एनटीएसई की तैयारी परीक्षा के अनुसार चलती है। इसकी तैयारी के लिए अलग से प्रयास करने की आवश्यकता नहीं होती। परीक्षा देने के लिए पिछले साल के प्रश्न पत्रों को पढ़ना जरूरी होता है।
आय की कोई सीमा निर्धारित नहीं
जिला शिक्षा राजपाल चौधरी ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों के माता-पिता की आय की कोई सीमा का निर्धारण नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा कुल 200 अंक की होगी। परीक्षा में 100 प्रश्न मानसिक योग्यता परीक्षण, 40 प्रश्न विज्ञान, 20 प्रश्न गणित व 40 प्रश्न सामाजिक विज्ञान के होंगे।